संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। घुघेरा गांव से धतीर स्थित भगवती स्टील कंपनी में ड्यूटी करने गया 26 वर्षीय युवक रिंकू लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश के बाद चौकी धतीर में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार शिकायत में रिंकू के पिता निहाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा 20 जुलाई को घुघेरा से कंपनी में ड्यूटी करने गया था। ड्यूटी करने के बाद वह घर वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो रहा है। रिंकू के पास मोटरसाइकिल भी थी। परिजनों ने रिश्तेदारी और कंपनी में भी उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस के अनुसार युवक का रंग गोरा, चेहरा गोल, कद करीब पांच फुट छह इंच है। घटना के संबंध में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच चौकी धतीर के एएसआई खालिद कर रहे हैं।