गाजियाबाद के साहिबाबाद के इंदिरापुरम में ज्ञानखंड-एक में सोमवार सुबह कार सीखने के दौरान सुरक्षा गार्ड ने कार का पीछे का शीशा साफ कर रहे युवक को रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उस वक्त सुरक्षा गार्ड सीखने के लिए कार स्टार्ट कर रहा था और उसने बैक गियर डाल दिया।
इससे युवक दीवार और कार के बीच में कुचल गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से हरदोई के अतरौली के राममदोहर गांव निवासी आशीष (23) मकनपुर गांव में भाई प्रकाश और भाभी के साथ रहता था।
वह ज्ञानखंड-एक स्थित प्लॉट नंबर 160 की बिल्डिंग के बेसमेंट में कपड़े प्रेस करता था। साथ ही आसपास के लोगों के कारों की सफाई भी करता था। सुबह करीब साढ़े दस बजे आशीष बिल्डिंग में रहने वाले एक व्यक्ति की कार साफ कर रहा था।
वहां तैनात सुरक्षा गार्ड रमेश उसके पास आया और कार सीखने के लिए बोला। आशीष ने पहले कार साफ कर लेने की बात कही। इसके बाद सुरक्षा गार्ड रमेश कार में बैठ गया। आशीष कार के पीछे का शीशा साफ कर रहा था, तभी रमेश ने कार स्टार्ट कर दी।