सूरजकुंड थाना स्थित सिरोही झील में एक युवक की डूबकर मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ दोपहर के समय सिरोही झील में नहाने के लिए गया था, लेकिन तैरते हुए युवक गहराई में चला गया। इसके बाद युवक डूबने लगा। युवक को डूबता देख साथ आए दोस्तों ने मदद की गुहार लगाई, लेकिन वह उसको बचा नहीं सके। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि परिवार की ओर से कोई भी शिकायत नहीं दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है।
हादसे की सूचना के बाद पुलिस गोताखोरों को साथ लेकर मौके पर आई। गोताखोर ने झील से शव निकाला। मृतक के परिवार वालों का कहना है कि मामले की जांच होनी चाहिए। इसके साथ में ही दोस्तों से पुलिस सख्ती से पूछताछ करें। मृतक की पहचान भगत कालोनी में रहने वाले रवि के रूप में हुई है।
पत्नी सोनिया ने बताया कि उनका पति रवि स्कार्फ फोल्डिंग का अपना काम करते थे। मंगलवार को उनके पास कोई काम नहीं था, जिसकी वजह से वह घर पर अपने बच्चे के साथ खेल रहे थे। दोपहर पौने 12 बजे उनके पास दोस्त सागर का फोन आया। उसने कहा कि कॉलोनी के करीब 12 लड़के सिरोही झील में नहाने के लिए जा रहे है। वह भी साथ चले। काम नहीं होने की वजह से रवि कॉलोनी के लड़कों के साथ झील में नहाने चला गया।
नहाने के दौरान रवि तैरते हुए गहराई में चला गया। वहीं, उसके दूसरे दोस्त किनारे पर नहाते रहे, क्योंकि उनको तैरना नहीं आता था। कुछ देर बाद साथ गए लड़कों ने देखा कि रवि के हाथ पैर ने काम करना बंद कर दिया है। इसके बाद उन्होंने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोर की मदद से शव को बाहर निकाला। परिवार के लोगों का कहना है कि रवि की जेब में करीब 34 हजार रुपये भी थे, जोकि नहीं मिले है।