रोहिणी में शनिवार शाम एक दुकानदार ने कर्मचारियों के साथ मिलकर चोरी के शक में 23 वर्षीय युवक की पीटकर हत्या कर दी। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। कर्मचारियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दुकानदार अमित की मेन मुबारकपुरा रोड प्रेमनगर में ऑटो पार्ट्स की दुकान है। तीन दिन पहले उसकी दुकान से एक मोबाइल फोन चोरी हो गया था। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखा। शनिवार को संदिग्ध युवक उसे अपनी दुकान के पास दिखा। अमित और उसके कर्मचारियों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की। युवक घबराकर दूसरी दुकान में घुस गया। अमित ने उसे पकड़कर मोबाइल के बारे में पूछताछ की। युवक ने चोरी से इंकार किया। इस पर अमित और उसके कर्मचारियों ने जमकर पिटाई कर दी। तबीयत खराब होने पर अमित उसे संजय गांधी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच के बाद अमित को गिरफ्तार कर लिया।