गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा सेक्टर-123 स्थित अंबेडकर नगर में एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली विवाहित महिला की गोली मारकर हत्या कर दी, इसके बाद भी खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
घटनास्थल से एक तमंचा, दो कारतूस और दो खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस की जांच में पता चला है कि युवक का विवाहिता के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कोतवाली फेज-3 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से थाना सहावर कासगंज निवासी अविवाहित प्रताप सिंह (20) पुत्र अमर सिंह सेक्टर-123 अंबेडकर नगर में राजेश गुप्ता के मकान में किराए पर रहता था। मूलरूप से बदायूं की रहने वाली बीना (20) पत्नी सत्यवीर भी परिजनों के साथ पड़ोस में किराये पर रहती थी।
पुलिस के अनुसार प्रताप और बीना साथ ही मजदूरी करते थे और दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों के परिजनों को प्रेम-प्रसंग का पता चला तो उन्होंने इसका विरोध किया। पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर बीना प्रताप के घर पर थी। इसी दौरान पड़ोसियों ने गोली चलने की आवाज सुनी।