अभी 5.1 किलोमीटर लंबा बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट रेसिंग ट्रैक फामूर्ला-1 रेसिंग ट्रैक है। इसके बाद अब यह दूसरा रेसिंग ट्रैक बनेगा। प्रदेश सरकार ने डुकाटी कंपनी को ग्रेटर नोएडा में 200 एकड़ क्षेत्र में रेसिंग ट्रैक और प्रशिक्षण केंद्र बनाने का प्रस्ताव दिया था। पिछले दिनों डुकाटी इंडिया के अधिकारियों ने यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ इसी मुद्दे पर विचार विमर्श किया। उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों को बताया कि वह प्रस्ताव से संबंधित सभी बिंदुओं को कंपनी के शीर्ष स्तर पर रखेंगे।
इस दौरान मार्च 2025 में होने वाली मोटो जीपी रेस के संबंध में भी चर्चा हुई। बातचीत के दौरान रेसिंग ट्रैक की स्थिति, वीजा संबंधी प्रावधान, वाहनों के परिवहन पर बहुत ज्यादा टैक्स, प्रतिभागियों के लिए शुल्क आदि पर चर्चा हुई। इसमें डुकाटी सहित अन्य मोटरसाइकिल कंपनियां भी भाग ले रही हैं। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि सितंबर 2023 में जो रेसिंग इवेंट हुई उसमें कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा था। आगामी प्रतियोगिता में वह सब न हो। प्रतिनिधियों को विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं का भरोसा दिया गया है।
भारत में खरीदी जाने वाले डुकाटी की बाइक 1.12 करोड़ रुपये की
डुकाटी कंपनियों का एक समूह है, जो मोटरसाइकिल बनाने के लिए जाना जाता है और इसका मुख्यालय बोर्गो पैनिगेल, बोलोग्ना, इटली में है। भारत में खरीदी जा सकने वाली सबसे महंगी बाइक डुकाटी सुपरलेगेरा वी-4 है, जिसकी कीमत करीब 1.12 करोड़ रुपये है। इसकी स्पीड 340 किलोमीटर प्रतिघंटा तक है।
हमने कंपनी को रेसिंग ट्रैक बनाने का प्रस्ताव दिया है। डुकाटी ने कई देशों में ट्रैक बनाए हैं। इसके बनने से क्षेत्र में मोटर स्पोर्ट्स को भी प्रोत्साहन मिलेगा। -डॉ. अरुण वीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण