स्याना बवाल मामले में जीतू फौजी और मृतक सुमित के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए अनशन पर बैठे यति नरसिंहानंद ने मंगलवार को अपने खून से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। उन्होंने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी भी की।
स्याना बवाल के बाद यति नरसिंहानंद बीते रविवार को कालाआम चौराहा स्थित राजेबाबू पार्क के सामने अनशन पर बैठ गए थे। तीसरे दिन मंगलवार को भी उनका अनशन जारी है। उन्हें सुमित के परिजनों के अलावा मंगलवार को अधिवक्ताओं ने भी अपना समर्थन दिया।
मंगलवार दोपहर को यति नरसिंहानंद ने अपने खून से एक पत्र मुख्यमंत्री को लिखा। पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री को महंत गोरक्षापीठ, गोरखपुर से संबोधित किया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि वह यह पत्र गोरक्षापीठ के महंत के लिए लिख रहे हैं न कि प्रदेश के मुखिया को।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है। पत्र में वह गोरक्षापीठ के महंत योगी आदित्यनाथ को सुझाव दे रहे हैं। हालांकि, इस बाबत जब प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की गई, तो उन्होंने जानकारी होने से इंकार कर दिया।