दिल्ली में ओल्ड रेलवे पुल पर यमुना का खतरे का निशान 205.33 है। वहीं, चेतावनी स्तर पर 204.50 है। 10 जुलाई 2026 को हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इस दौरान दिल्ली में यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर के नजदीक पहुंच गया था। हालांकि, इसके बाद से पहाड़ों में बारिश की कमी के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना में पानी कम छोड़ा गया। इस सप्ताह 23 जुलाई को दो बजे हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना में अधिकतम 16 हजार क्यूसेक तक पानी छोड़ा गया। बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से बताया गया कि पिछले एक सप्ताह में यह मात्रा सबसे अधिक रही।
रविवार सुबह नौ बजे हथिनीकुंड बैराज से लगभग 11 हजार 300 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, शाम तक यह लगभग पांच हजार से छह हजार क्यूसेक तक यमुना में पानी छोड़ा गया। इस दौरान यमुना का जलस्तर लगभग 202 के आसपास बना हुआ है। दूसरी तरफ, मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 जुलाई को पहाड़ों पर अधिक बारिश की संभावना है। ऐसे में हथिनीकुंड बैराज से अधिक पानी छोड़े जाने और यमुना के जलस्तर में भी बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि, बाढ़ नियंत्रण विभाग का कहना है कि इससे अधिक फर्क नहीं पड़ेगा। अभी मौसम विभाग की ओर से अधिक बारिश की चेतावनी नहीं है।