फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी यीडा की इन्फोटेनमेंट सिटी, परी चौक से 25 किलोमीटर दूरी पर बनेगा इंटरचेंज

Mon, 28 Sep 2020 08:31 PM IST
Mohit Mudgal अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
विज्ञापन
गौतमबुद्ध नगर में फिल्म सिटी के लिए प्रस्तावित भूमि - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 21 में प्रस्तावित इन्फोटेनमेंट सिटी जल्द ही यमुना एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगी। यमुना प्राधिकरण ने इन्फोटेनमेंट सिटी के सामने इंटरचेंज बनाने का निर्णय लिया है। इससे इन्फोटेनमेंट सिटी तक पहुंचना बहुत आसान हो जाएगा। 

विज्ञापन


दरअसल, सेक्टर 21 यमुना प्राधिकरण से सटा हुआ है। यह औद्योगिक और मिश्रित उपयोग का सेक्टर है। इसी में 1000 एकड़ पर इन्फोटेनमेंट सिटी बसाने का निर्णय हुआ है। अब मुंबई से फिल्मकार इस देखने को जरूर आएंगे। इसमें बड़े पैमाने पर निवेश होना है। वे एक्सप्रेसवे से इन्फोटेनमेंट सिटी तक आसानी से पहुंच सकें, इसे ध्यान में रखते हुए इंटरचेंज बनाया जाएगा।

यह इंटरचेंज परी चौक से जाते समय इन्फोटेनमेंट सिटी के पास उतरने और फिर वहां से यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों के चढ़ने के लिए बनाया जाएगा। इसी तरह अगर आगरा से कोई इन्फोटेनमेंट सिटी आता है तो उसे यमुना एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर इन्फोटेनमेंट सिटी तक जाने और फिर वहां से एक्सप्रेसवे पर आने की सुविधा होगी। इस इंटरचेंज को शीघ्र बनाने का लक्ष्य है। इसीलिए एक सप्ताह के भीतर प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने और फिर टेंडर जारी करने की तैयारी है।
विज्ञापन


टेंडर से कंपनी का चयन कर इसका निर्माण भी जल्द शुरू कराया जाएगा। छह माह में इसे तैयार कर देने की योजना है। इसकी लागत तो प्रोजेक्ट रिपोर्ट आने पर पता चलेगी, लेकिन 70 करोड़ रुपये से अधिक खर्च का अनुमान है। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि इस इंटरचेंज को प्राथमिकता पर बनवाया जाएगा। बता दें, कि इससे पहले परी चौक से करीब 26.5 किलोमीटर दूरी पर दो इंटरचेंज बने हुए हैं। उससे करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ही इन्फोटेनमेंट सिटी के पास अब यह इंटरचेंज बनेगा। 

इन्फोटेनमेंट सिटी मुख्यमंत्री की अहम परियोजनाओं में शामिल है। प्रदेश सरकार और यमुना प्राधिकरण इस परियोजना पर तेजी से काम करना चाह रहे हैं। शासन से रविवार को दौरे पर आए फिल्म बंधु के चेयरमैन अनवीश अवस्थी ने नए साल से आउटडोर शूटिंग की उम्मीद भी जता दी है। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने तो फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर और गीतकार मनोज मुंतसिर से इस बाबत बात भी कर ली। बकौल धीरेंद्र सिंह कई फिल्मकार नए साल से यहां आउटडोर शूटिंग के लिए तैयार भी हैं। 

रिहायशी सेक्टरों को भी फायदा
इस इंटरचेंज के बनने से न सिर्फ इन्फोटेनमेंट सिटी को फायदा होगा, बल्कि कई और सेक्टरों के आवंटी भी लाभान्वित होंगे। प्राधिकरण के सबसे बड़े आवासीय सेक्टर 18 और 20 के लोग भी एक्सप्रेसवे से सीधे अपने सेक्टर तक जा सकेंगे। इन दोनों सेक्टरों में करीब 21 हजार आवंटी हैं। इसके अलावा औद्योगिक सेक्टर-28 के आवंटियों को भी राहत मिलेगी। इन सेक्टरों के लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा। 

खाली प्लॉटों व उपकरणों की रखवाली करेंगे 125 सुरक्षा गार्ड
यमुना प्राधिकरण के अधिसूचित जमीन पर तेजी से मिट्टी खनन हो रहा है। कई सेक्टरों में ऐसी दिक्कत सामने आ चुकी है। इन्फोटेनमेंट सिटी में भी जमीन का आवंटन होना है। वहां खनन माफिया मिट्टी न खोद सकें, इसके लिए सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। प्राधिकरण ने 125 सुरक्षागार्डों की तैनाती करने का निर्णय लिया है। यह सुरक्षा गार्ड इन परियोजनाओं के लिए चिन्हित जमीन के साथ ही उन सेक्टरों की भी रखवाली करेंगे, जहां पर विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं।

उन जगहों से उपकरणों की चोरी होने की भी आशंका है। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि संपत्ति की रखवाली के लिए सुरक्षा कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि ये सुरक्षाकर्मी सेक्टर-18, 20, 22 डी 32 और 33 के साथ ही इन्फोटेनमेंट सिटी व अन्य परियोजनाओं के लिए चिन्हित जमीन की रखवाली करेंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें