प्राधिकरण के पूर्व चीफ इंजीनियर यादव सिंह के मामले में दाखिल चार्जशीट में दर्ज आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीबीआई करीब एक सप्ताह से नोएडा में लगातार दबिश दे रही है। यही नहीं सीबीआई ने प्राधिकरण के एक जूनियर स्तर के अधिकारी से पूछताछ भी की है। फिलहाल आरोपी पकड़ से बाहर हैं। वहीं सूत्रों की मानें तो सीबीआई की टीम ने प्राधिकरण के कुछ अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की है।
\
दरअसल, सीबीआई ने हाल ही में एक अन्य चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें पूर्व मुख्य अभियंता यादव सिंह, तत्कालीन प्रोजेक्ट इंजीनियर बीके मांगलिक, सहायक प्रोजेक्ट इंजीनियर एसके अग्रवाल और जूनियर इंजीनियर आरके शर्मा शामिल हैं। इनमें से यादव सिंह पहले से ही जेल में बंद है। वहीं, एक को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा दो की तलाश जारी है। यादव सिंह की पत्नी कुसुमलता भी सीबीआई की गिरफ्त से दूर हैं।
सूत्रों के मुताबिक इनकी गिरफ्तारी के लिए सीबीआई सेक्टर-27 सहित अन्य स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है। इसके अलावा जेल में बंद सहायक अभियंता रामेंद्र सिंह की पत्नी बबीता सिंह भी आरोपी हैं। उनकी तलाश में सीबीआई की टीम बुधवार को सेक्टर-72 स्थित उनके घर भी गई। इसके अलावा सीबीआई ने नोएडा प्राधिकरण के एक निवर्तमान अधिकारी से कई दौर में पूछताछ की।
इससे पहले सीबीआई प्राधिकरण कार्यालय आई और इसके बाद उक्त अधिकारी के घर गई और उसे लेकर सीबीआई ऑफिस पहुंची। वहां उससे घंटों पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि बबीता सिंह को लेकर उक्त अधिकारी से पूछताछ की गई। बबीता सिंह पर एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में स्टाफ दिखाकर लाखों रुपये के लेनदेन का आरोप लगाया गया है।