सेक्टर 11 स्थित गांव झुंडपुरा की हालत से ग्रामीण बहुत परेशान हैं। यहां न सफाई की व्यवस्था है न ही किसी स्वास्थ्य केंद्र की। यह गांव हरौला पंचायत के अंतर्गत आता है।
राजधानी से सटे होने और औद्योगिक क्षेत्र का यह गांव सुविधाओं के लिए तरस रहा है। बीडीसी मिसा देवी के पुत्र डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में सफाई की व्यवस्था नहीं है, नालियों का निर्माण नहीं कराया जा रहा है, सीवर ठप हो गए हैं।
प्रधान से लेकर प्रशासन तक समस्याओं की शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं मिला। प्रधान ने गांव के बारात घर पर कब्जा किया हुआ है और नौ से 10 हजार रुपये लेकर बुकिंग करते हैं।
वहीं ग्राम प्रधान रूपवती के पति वेद प्रधान का कहना है कि बारात घर की बुकिंग के लिए ग्यारह सौ रुपये शुल्क के रुप में लिया जाता है जिसकी रसीद भी दी जाती है।
गांव के सफाई कर्मचारी नियमित सफाई करते हैं। ग्रामीण नालियां बनाने का विरोध करते हैं। सीवर में पन्नी व कूड़ा डालने के कारण सीवर ब्लॉक हो गया है, जिसके बदलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य केंद्र के लिए प्रशासन से मांग की गई है।