विश्व पुस्तक मेले में शनिवार को पाठकों और पुस्तक प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली। भारत मंडपम में लगे मेले के लगभग हर हॉल में लोगों की आवाजाही बनी रही। मेले में अधिकांश प्रकाशकों ने पाठकों को आकर्षित करने के लिए 20 प्रतिशत तक की छूट दी, जबकि कई स्टॉल्स पर 30, 40 और 50 प्रतिशत तक की भारी छूट भी दी जा रही है। कुछ प्रकाशकों ने मेंबरशिप ऑफर भी पेश किए, जिसके तहत भविष्य की खरीदारी पर अतिरिक्त लाभ देने का वादा किया गया है। मेले के अंतिम दिन यानी रविवार को किताब प्रेमियों के भारी संख्या में मेले में आने की उम्मीद है।
पुस्तक मेले में चली किड्स एक्सप्रेस में हुई बच्चों की जादुई रेल यात्रा
विश्व पुस्तक मेले में बाल मंडप की किड्स एक्सप्रेस बच्चों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 6 में 18 जनवरी तक चल रहे इस मेले में यह रेल-थीम वाला पवेलियन रोजाना हजारों नन्हे पाठकों को कल्पना और रचनात्मकता की रोमांचक यात्रा पर ले जा रहा है।
बैंगनी रंग की यह ट्रेन एनिमेटेड खिड़कियों, टिकट चेकर, चायवाले और किताबों में खोए बच्चों के चित्रों से सजी है। इंजन आकार का प्रवेश द्वार भाप जैसे बुलबुले छोड़कर बच्चों का स्वागत करता है। ट्रेन के प्रत्येक कोच को खास उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। स्टोरीटाइम शताब्दी रीडिंग कॉर्नर में रॉकेट आकार की अलमारियां कहानियों से भरी हैं। जहां रीड बियॉन्ड द स्टार्स थीम बच्चों को अंतरिक्ष की सैर कराती है। रेल म्यूजियम में भाप इंजन से वंदे भारत तक के मॉडल, फोटो प्रदर्शनी और इंटरएक्टिव क्विज बच्चों को भारतीय रेल की कहानी बताते हैं। विजेता बच्चों को पुस्तक कूपन मिलते हैं।
किड्स एक्सप्रेस के किताब घर में बच्चे अधूरी कहानियां पूरी करते हैं, कविताएं लिखते हैं और पुस्तक कवर डिजाइन करते हैं। इसका इमोजी मी, भावनाओं को रंगों से समझाता है, जबकि क्लिक-मी जंक्शन अंडरवॉटर थीम वाला फोटो कॉर्नर परिवारों के लिए यादगार पल कैद करता है।
अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने प्रभात प्रकाशन के स्टॉल का दौरा ‘वंदे मातरम्’ पुस्तक खरीदी
विश्व पुस्तक मेले में इस बार देशभक्ति और धर्म से जुड़ी पुस्तकों को पाठकों का खासा पसंद मिल रहा है। प्रभात प्रकाशन के निदेशक प्रभात कुमार और पीयूष कुमार ने बताया, कि मेले के अंतिम दिन 18 जनवरी को पाठकों के लिए विशेष ऑफर रखा गया है, जिसके तहत 10 पुस्तकों की खरीद पर 40 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।
वहीं, शनिवार को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी प्रभात प्रकाशन के स्टॉल का दौरा किया और मिलिंद प्रभाकर सबनीस द्वारा संकलित एवं संपादित बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की प्रसिद्ध कृति ‘वंदे मातरम्’ खरीदी। प्रभात कुमार के अनुसार, पाठक विशेष रूप से देशभक्ति विषयक पुस्तकों में रुचि दिखा रहे हैं, जिन पर प्रकाशन ने विविध और ज्ञानवर्धक शीर्षक प्रस्तुत किए हैं। इन पुस्तकों को मेले में लगातार अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।