प्रगति मैदान में शनिवार को सुबह 11 बजे नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले का आगाज हो जाएगा। इस बार सबसे बड़ा पुस्तक मेला आयोजित होने जा रहा है। इसमें 40 से ज्यादा देशों के 1000 से अधिक प्रकाशक एवं प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। भारत मंडपम में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इसका उद्घाटन करेंगे। स्कूली बच्चों और इनके साथ आने वाले टीचर्स को फ्री में एंट्री मिलेगी और बुजुर्गों को भी फ्री में प्रवेश मिलेगा। मेले में रात को आठ बजे तक एंट्री मिलेगी।
2000 से ज्यादा स्टॉल पर किताबें मिलेंगी
हॉल 5 थीम मंडप का है। इस बार की थीम बहुभाषी भारत-एक जीवंत परंपरा है, जिसको ध्यान में रखते हुए विश्व पुस्तक मेले में हर आयु वर्ग के लिए हर भाषा की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। मेले के उद्घाटन के साथ ही बच्चों के लिए ई-जादू का पिटारा का भी उद्घाटन होगा। ई-जादू का पिटारा अंदर बच्चों के छोटे-छोटे कैरिकुलम का ई वर्जन लॉन्च किया जाएगा। 2000 से ज्यादा स्टॉल पर किताबें मिलेंगी।
ई-लर्निंग के लिए नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी
ई-लर्निंग के लिए इस बार मेले में नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी बनाई गई है। इसमें बच्चों के लिए एक ई-जादुई पिटारा भी होगा। इसमें फ्री ऑनलाइन किताबें होंगी। कोई भी इन्हें डाउनलोड कर पाएगा। इंदिरा गांधी नेशनल सेंटर फॉर आर्ट की ओर से इंडिया द मदर ऑफ डेमोक्रेसी पर विशेष प्रदर्शनी का आयोजन होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रकाशन जगत के सीईओ स्पीक का आयोजन 11 फरवरी को होगा। 11 से 12 फरवरी को नई दिल्ली राइट्स टेबल का आयोजन होगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और देश के अलग-अलग हिस्सों से बैंड आएंगे, साहित्यिक बेला की रौनक बढ़ाएंगे। हॉल नंबर पांच में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख को लेकर एक खास प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।