नई दिल्ली। बीकानेर हाउस की मुख्य कला दीर्घा में आयोजित छात्र कला प्रदर्शनी इमर्जिंग विजन्स का मंगलवार को समापन हुआ। 12 जून से आयोजित यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस प्रदर्शनी को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स (एनआईएफए) की ओर से आयोजित किया गया था। इस दौरान प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में कला प्रेमी, विद्यार्थी, कलाकार और कला समीक्षक पहुंचे।
युवा कलाकारों की रचनात्मकता और प्रयोगधर्मिता को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। वहीं, इस प्रदर्शनी में पेंटिंग, ड्रॉइंग, मिक्स्ड मीडिया, मूर्तिकला और अन्य समकालीन कला माध्यमों में तैयार कृतियां दर्शकों को लंबे समय तक ठहरकर देखने के लिए प्रेरित करती रही। कई आगंतुकों ने कलाकारों की कल्पनाशीलता, विषयों की विविधता और प्रस्तुति की मौलिकता की सराहना की। विशेष रूप से पहचान, स्मृतियों, शहरी जीवन, प्रकृति और मानवीय संबंधों पर आधारित कलाकृतियां दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
वहीं, सप्ताहांत के दौरान प्रदर्शनी में दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। युवा कलाकारों के साथ संवाद करने और उनकी रचनात्मक प्रक्रिया को समझने में भी आगंतुकों ने विशेष रुचि दिखाई। कला विद्यार्थियों के लिए यह प्रदर्शनी सीखने और समकालीन कला के नए प्रयोगों को करीब से देखने का अवसर बना। इस दौरान, क्यूरेटर संयम खेड़ा ने कहा, कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल कलाकृतियों को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि युवा कलाकारों और दर्शकों के बीच सार्थक संवाद स्थापित करना है। प्रदर्शनी को मिल रही उत्साहजनक प्रतिक्रिया यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी की कला और विचारों को लेकर लोगों में गहरी रुचि है। संवाद