अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नवरात्र से पहले कालकाजी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने और सौंदर्यीकरण कार्यों का एमसीडी ने शुभारंभ कर दिया है। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बृहस्पतिवार को इन कार्यों की शुरुआत करते हुए कहा कि एमसीडी का लक्ष्य मंदिर परिसर को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बनाना है।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाने के लिए आने-जाने के रास्तों को चौड़ा किया जाएगा और उन पर उच्च गुणवत्ता की टाइलें लगाई जाएंगी। इससे भीड़ के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। परिसर में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने के लिए बेंच स्थापित की जाएंगी। मंदिर क्षेत्र की खाली पड़ी भूमि की चारदीवारी कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के तहत वृक्षारोपण और हरियाली विकसित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को शांत और सुखद वातावरण मिल सके।
सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं, ताकि नवरात्र से पहले नागरिकों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।