हिंडन एयरपोर्ट पर फिलहाल निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण 15 मई से उड़ान नहीं भरी जा सकेंगी। वर्तमान में हिंडन एयरपोर्ट पर कैंटीन परिसर और पार्किंग एरिया का निर्माण कार्य चल रहा है।
एयरपोर्ट परिसर में बाहर का काम अभी बाकी है। पार्किंग एरिया का कार्य अभी पूरा नहीं हो पाया है। जबकि कैंटीन भवन का भी निर्माण अभी अधूरा है। एयरपोर्ट ग्राउंड पर पत्थर बिछाने का काम भी अभी चल ही रहा है। एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया भी अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
उड़ान भरने के लिए पहले आनलाइन बुकिंग ओपन की जाएगी और बाद में काउंटर से बुकिंग होगी। फिलहाल काम को जल्द कराने के लिए एयरपोर्ट प्रोजेक्ट डायरेक्टर सप्ताह में दो दिन यहां आकर मानीटरिंग कर रहे हैं। एयरपोर्ट के अंदर का नजारा देखकर अभी यह कहना भी मुश्किल है कि मई में यहां से घरेलू सेवा के लिए उड़ान भरी जा सकेगी।
फिलहाल यहां निर्माण कार्य तेज गति से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य करा रहे प्राइवेट कंपनी के जेई रूतेंद्र चौधरी ने बताया कि जो काम बचा है उसे जल्द से जल्द पूरा कराया जा रहा है। एयरपोर्ट के अंदर हल्का-फुल्का कार्य है, जो इस सप्ताह खत्म करा लिया जाएगा। बड़ा काम पार्किंग और कैंटीन परिसर के साथ ही अधिकारी कार्यालय का है।