संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) की महिला टी-20 क्रिकेट लीग का पहला चरण शुरू हो गया है। प्रतियोगिता में दिल्ली की विभिन्न महिला क्रिकेट क्लब टीमें हिस्सा ले रही हैं। लीग के सभी मुकाबले 20 ओवर प्रारूप में खेले जा रहे हैं। पहले चरण में दिल्ली ब्लूज क्रिकेट क्लब, इंडो क्रिकेट क्लब, साउथ दिल्ली कोल्ट्स, यंग दिल्ली स्पोर्ट्स, पैरागॉन क्रिकेट क्लब और हिंद क्रिकेट क्लब समेत कई टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत की। प्रतिदिन दो मैच आयोजित किए जा रहे हैं। पहला मुकाबला सुबह 8 बजे और दूसरा दोपहर 12 बजे शुरू होता है। आगामी मुकाबलों में यंग दिल्ली स्पोर्ट्स, टेलीफंकन क्रिकेट क्लब, दिल्ली कोल्ट्स, रानी बाग क्रिकेट क्लब, पायनियर क्रिकेट क्लब और यंग क्रिकेटर्स क्लब समेत कई टीमें आमने-सामने होंगी। लीग के मैच गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज, शिवाजी कॉलेज, रघुबीर सिंह मॉडर्न स्कूल और मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड के मैदानों पर खेले जा रहे हैं। डीडीसीए के अनुसार सभी मुकाबले बीसीसीआई के नियमों के तहत आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में सफेद गेंद और रंगीन जर्सी का उपयोग अनिवार्य है। लीग के विजेता और उपविजेता क्लबों को पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी।