- कामकाजी महिलाओं के लिए पांच मंजिला हॉस्टल का 24.63 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से सेक्टर-9 में कामकाजी महिलाओं के लिए पांच मंजिला हॉस्टल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। हॉस्टल में लिफ्ट, पार्किंग, पुस्तकालय, डे-केयर सेंटर और मनोरंजन के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके निर्माण पर करीब 24.63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
गुरुग्राम में ऑटोमोबाइल उद्योग, एक्सपोर्ट हाउस और आईटी कंपनियों की बड़ी संख्या होने के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में महिलाएं रोजगार के लिए यहां आती हैं। उन्हें सुरक्षित और किफायती आवास उपलब्ध कराने के लिए यह परियोजना शुरू की गई है। वर्तमान में सिविल लाइंस स्थित कामकाजी महिला हॉस्टल ही प्रमुख सरकारी सुविधा है। करीब 40 कमरों वाला यह हॉस्टल अब मांग के मुकाबले छोटा पड़ रहा है और भवन भी काफी पुराना हो चुका है। इसी को देखते हुए नए हॉस्टल के निर्माण की योजना को अमलीजामा पहनाया गया है। एचएसवीपी के जेई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सेक्टर-9 में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
पांच मंजिला भवन में 198 बेड की सुविधा
करीब एक एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस परिसर में हरित क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा। पांच मंजिला भवन में कुल 198 बेड की व्यवस्था होगी। ग्राउंड फ्लोर पर स्वागत एवं प्रतीक्षा कक्ष, क्लॉक रूम, भोजनालय और रसोईघर होगा। ऊपरी मंजिलों पर रोगी कक्ष, डे-केयर सेंटर, पुस्तकालय, गतिविधि एवं मनोरंजन क्षेत्र, स्टोर तथा अन्य आवश्यक कक्ष बनाए जाएंगे। परिसर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी होगी। इसमें कमरे-73 (146 बेड), एग्जीक्यूटिव कक्ष- 04, छात्रावास कक्ष- 06 (36 बेड), एकल कक्ष- 12 कमरे (12 बेड) होंगे।