आरोपी गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
नई दिल्ली स्थित सोनिया विहार थाना पुलिस ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने के आरोप में महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। बता दें कि महिला ने पति के प्लॉट पर कब्जा करने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर उसे मार डाला था। जिला पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या ने बताया कि आरोपियों की पहचान शीला देवी और वकील के रूप में हुई है। दोनों लोनी (गाजियाबाद) के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि छह फरवरी को यमुना किनारे चौहान पट्टी में एक व्यक्ति का शव मिला था। चेहरा कुचला हुआ था। काफी मुश्किल के बाद मृतक की शिनाख्त लोनी के नसीब विहार निवासी बच्चा लाल (47) के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्चा लाल का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच वकील नाम के युवक को लेकर झगड़ा होता था, जिसके बाद बच्चा लाल ने घर छोड़ दिया था और यमुना खादर की झुग्गियों में रहने लगा।
वहीं, शीला लोनी के नसीब विहार से कृष्णा नगर में रहने लगी, जबकि वकील पास ही इलायचीपुर में रहने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि बच्चा लाल के घर छोड़ने के बाद उसका घर चलाना मुश्किल हो गया था। पति के नाम पर एक प्लॉट था, जिसे हड़पने के लिए उसने वकील के साथ मिलकर बच्चा लाल की हत्या की साजिश रची और 23 जनवरी की रात दोनों ने उसे मार डाला।