गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर के कई वार्डों में पानी का संकट गहरा गया है। लोगों का कहना है कि हालात ये हैं कि उन्हें पानी खरीदना पड़ रहा है। वहीं कई स्कूलों में भी बच्चों को पीने के पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
वार्ड पांच की महिलाओं जकिया, कुलसुम, जुबेदा, फर्रा, रुकसीना, बिसमिल्ला, ज्ञानबती, सुशीला, कलावती, राधा, केला, गीता, सुनीता, बिमला सहित काफी महिलाओं ने बताया कि पिछले काफी समय से उनके वार्ड में पानी की समस्या बनी हुई है।
महिलाओं का कहना है कि एक तो वाटर सप्लाई नहीं आ रही है, दूसरा जल स्तर नीचे चले जाने से हैंडपंप से भी पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में उन्हें पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है। महिलाओं ने उपायुक्त नूंह से मांग की है कि वे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आदेश देकर उनके वार्ड में पेयजल आपूर्ति नियमित रूप से करवाएं। इनके अलावा वार्ड छह, वार्ड 12, वार्ड सात, वार्ड चार के लोग भी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।
कई स्कूलों में भी नहीं है पीने का पानी
शहर के कई सरकारी स्कूलों में पीने के पानी के लिए छात्र तरस रहे हैं। स्कूल में पेयजल संकट होने के कारण बच्चे घर से पानी की बोतल ले जाने को मजबूर हैं। मेवात माडल स्कूल के प्रिंसिपल योगेंद्र सिंह, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल चरण देव ने बताया कि स्कूलों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। बच्चों को घरों से पानी की बोतल लेकर आनी पड़ रही है।
बिजली के कट लगने के कारण आपूर्ति बाधित हो रही है। जिन वार्डों में पानी का संकट है वहां पर नियमित आपूर्ति करने के शीघ्र ही प्रयास किए जाएंगे।-शमीउल्ला खान, जेई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, फिरोजपुर झिरका।