फरीदाबाद। पलवल रेलवे स्टेशन पर खड़ी होने वाली महिला स्पेशल में बैठी यात्रियों से छेड़खानी करने वाले शरारती तत्वों को आरपीएफ और जीआरपी अभी तक नहीं पकड़ पाई है। उन्हें पकड़ने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की ड््यूटी लगाई गई है।
चार दिन पहले पलवल की एक महिला यात्री ने दिल्ली के रेल अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई थी कि पलवल स्टेशन पर सुबह के वक्त 8:25 बजे चलने वाली महिला स्पेशल में कुछ शरारती युवक बैठकर महिलाओं से छेड़खानी और अश्लील इशारे करते हैं।
उस वक्त ट्रेन अथवा प्लेटफार्म पर कोई सुरक्षाकर्मी नहीं होता। रेल अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिकायत के चार दिन बीत जाने के बाद भी आरपीएफ और जीआरपी उन शरारती तत्वों को नहीं पकड़ पाई है। आरपीएफ प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि उन्हें पकड़ने के लिए सिविल ड्रेस में आरपीएफ जवानों को लगाया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।