महिला दिवस पर एक महिला थाने पहुंची, उसने पुलिस से गुहार लगाई कि मेरा पति शादीशुदा निकल गया। प्रेमिका के चक्कर में पड़ा है। आरोप है कि वह बोलता है मेरे क्लाइंट से भी संबंध बनाओ। पुलिस ने पीड़िता की एक ना सुनी और उसे वापस भगा दिया।
घटना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की है। जिस दिन पूरा विश्व महिला दिवस मना रहा था, उसी दिन पति से परेशान एक महिला कविनगर थाने में इंसाफ मांगने गई, लेकिन पुलिस ने उसे बैरंग लौटा दिया। महिला के पति ने शादीशुदा होने के बावजूद धोखा देकर उससे शादी की और अब मनचले पति का दिल फिर दूसरी महिला पर आ गया।
सात फेरे लेकर घर बसाने के बावजूद अब पति गैर महिला के साथ रंगरलियां मना रहा है। पीड़िता का आरोप है कि पति उसे उसके क्लाइंट से भी संबंध बनाने का दबाव डालता है। मूलरूप से सोनभद्र जिले की रहने वाली एक युवती दिल्ली के वसंत कुंज कालोनी स्थित एक विज्ञापन कंपनी में सीनियर सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करती थी।
यह कंपनी मसूरी उद्योग कुंज स्थित वेयरहाउस बनाने वाली एक कंपनी का विज्ञापन करती थी। युवती का कहना है कि वह कंपनी का विज्ञापन का काम देखती थी, इसी दौरान उसकी मुलाकात वेयर हाउस बनाने वाली कंपनी के मालिक से हुई। आरोप है कि एक दिन इस कंपनी के मालिक ने उसे काम के बहाने बुलाया।
फाइल फोटो
यहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लिया। इसके बाद फोटो और वीडियो वायरल कर शादी का दबाव बनाया। खुद को अविवाहित बताकर करीब चार साल बाद 2015 में फैक्ट्री मालिक ने उससे शादी कर ली।
एक साल बाद 2016 में उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। युवती का आरोप है कि उसका पति अब फिर किसी अन्य युवती के प्रेम में पड़ा हुआ है और उससे मारपीट कर तलाक देना चाहता है।
एनएच-24 की एक सोसायटी में फ्लैट लेकर दिया
युवती का कहना है कि पति ने उसे एनएच-24 स्थित एक सोसायटी में फ्लैट लेकर दिया था। वह अपने ससुराल जाने की बात कहती तो पति उसे यह कहकर टाल देता था कि उसके माता-पिता इस शादी से खुश नहीं है। युवती का आरोप है कि अब पति यह फ्लैट खाली कराकर अपनी गर्लफ्रेंड को देना चाहता है।
क्लाइंट से संबंध बनाने का दबाव बनाता है
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति उस पर अपने क्लाइंट से संबंध बनाने का दबाव डालता है। पति कहता है कि क्लाइंट से संबंध बनाएगी तो उसका बिजनेस बढ़ेगा। नहीं तो पूर्व पत्नी की तरह उसे भी छोड़ देगा और अपनी नई गर्लफ्रेंड से शादी कर लेगा।
इंसाफ पाने के लिए चक्कर लगा रही युवती
पति के धोखे और उत्पीड़न से परेशान युवती अब इंसाफ पाने के लिए कविनगर थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। युवती का कहना है कि कविनगर पुलिस उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही। अब उसने महिला आयोग को भी शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी हरिनारायण सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी और आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।