फरीदाबाद के बीके सिविल अस्पताल की नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट(निकू) से एक बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही एक महिला ने दंपती से जान-पहचान बनाई थी। फिर खुद को बच्चे का बुआ बताकर वह नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट में दाखिल हुई। बच्चे को दूध पिलाने के बहाने उसे चोरी कर फरार हो गई।
मंगलवार रात चोरी किए गए बच्चे की तलाश में पुलिस और सीआईए की नौ टीमें जुट गई हैं। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस आरोपी महिला को तलाश करने में जुटी है।
मालूम हो कि सेक्टर तीन निवासी रेखा के नवजात शिशु को बीके सिविल अस्पताल के निकू में रखा गया था। पिता जयवीर ने बताया कि पत्नी रेखा ने 15 दिन पहले बल्लभगढ़ पीएचसी में प्रीमेच्योर बच्चे को जन्म दिया था। समयपूर्व जन्म होने की वजह से बच्चे की हालत नाजुक थी। इस पर उसे बीके सिविल अस्पताल के निकू में भर्ती कराया गया था। निकू में परिजनों को समय समय पर ही जाने दिया जाता। माता को भी दूध पिलाने के लिए समय फिक्स है।
एक दिन पहले एक महिला उन्हें मिली, महिला ने बताया कि वह वकील है और पलवल में प्रैक्टिस करती है। महिला ने जयबीर के ढाई साल के बड़े बेटे को बिस्कुट का पैकेट दिया और खुद को उसकी बुआ बताने लगी। दंपति भी उसका प्रेम देख रिश्तेदारों जैसा ही व्यवहार करने लगे। महिला ने नवजात को देखने की इच्छा जताई तो दंपति उसे लेकर निकू गया। नर्स से भी उन लोगों ने महिला का परिचय बच्चे की बुआ के रूप में कराया था। महिला एक दो बार और उनके साथ निकू गई। मंगलवार को भी रात करीब पौने दस बजे महिला निकू पहुंची और नर्स से दूध पिलाने के लिए बच्चा मांगा।
नर्स ने मना किया तो महिला लड़ने झगड़ने लगी। बुआ समझ कर नर्स ने बच्चा उसे सौंप दिया। थोड़ी देर बाद ही रेखा बच्चे को स्तनपान कराने पहुंची तो नर्स ने उन्हें बताया बच्चा उसकी बुआ ले गई हैं। इस पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया था। बुधवार को भी परिजनों ने बीके सिविल अस्पताल में हंगामा किया और बच्चा बरामद कराने की मांग की। बच्चा चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एसएचओ एसजीएम नगर इंस्पेक्टर सुभाष सिंह ने बताया कि चोर महिला और बच्चे की तलाश में सीआईए, साइबर सेल सहित नौ टीमें लगा दी गई हैं।