कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। वातानुकूलित कोच में अब यात्रियों को कंबल नहीं मिलेगा। उत्तर रेलवे ने रविवार को नोटिफिकेशन जारी कर सभी रेल मंडल को कोरोना वायरस से बचाव के लिए तत्काल यह कदम उठाने का निर्देश दिया है।
रेलवे ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए यह निर्णय लिया है कि यात्रियों को मिलने वाला कंबल बेड रोल के साथ नहीं दिया जाएगा। ट्रेनों में कोच अटेंडेंट अब राजधानी समेत तमाम प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को कंबल नहीं देंगे। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि रविवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। इसके साथ ही एसी कोच का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रखा जाएगा, ताकि यात्रियों को ठंड न लगे।
रविवार से दिल्ली के स्टेशनों से संचालित होने वाली सभी ट्रेनों में बेड रोल के साथ कंबल का वितरण बंद कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोरोना वायरस से बचाव के लिए कोच में लगे पर्दा को भी हटाया जाएगा। कोच के भीतर सभी मेटल वाले वस्तुओं को सैनिटाइज किया जाएगा। हैंडल को साफ किया जा रहा है। सभी श्रेणी की बोगियों के शौचालय में लिक्विड हैंडवाश रखा जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान यात्री बार-बार हाथ साफ कर सकें।