गुरुग्राम के पटौदी के भोड़ाखुर्द गांव में मंगलवार तड़के सिरफिरे आशिक ने शादी से इनकार करने पर ताइक्वांडो की राष्ट्रीय खिलाड़ी सरिता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने महिला खिलाड़ी की मां को भी जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पहलवान है और उसके खिलाफ पहले भी छेड़छाड़ व जान से मारने के दो अन्य मामले दर्ज हैं। बिलासपुर थाना पुलिस ने उसकेखिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी क्राइम प्रीतपाल सिंह के मुताबिक, भोड़ाखुर्द निवासी सरिता (25) अपनी मां और परिवार के लोगों के साथ घर में सो रही थी। तड़के करीब तीन बजे बामडोली (झज्जर)निवासी सोमबीर(27) दीवार फांदकर घर में घुस आया।
उसने सरिता को उठाकर शादी करने का दबाव बनाया। करीब एक घंटे तक दोनों में बातचीत के बाद सरिता ने शादी से इनकार कर दिया और सोमबीर को वहां से जाने के लिए कहा। इस पर वह तैश में आ गया और कमरे से बाहर निकलकर आखिरी बार पूछा कि तुम मुझसे शादी करोगी या नहीं। सरिता के मना करने पर उसने पिस्तौल निकाली और छाती पर करीब से गोली मार दी।