सात साल पहले बस में मिले युवक से दोस्ती और फिर विवाह करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोपी पति महिला और उसके चार साल के बेटे को छोड़कर लापता हो गया है। महिला उसकी तलाश में भटक रही है।
बृहस्पतिवार को पीड़िता ने जिलाधिकारी और एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि दूसरी जाति से ताल्लुक रखने की वजह से युवक के घरवालों ने भी उसे मार-पीटकर भगा दिया।
मूलरूप से अलीगढ़ के गभाना की रहने वाली जाह्नवी बृहस्पतिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। जाह्नवी के अनुसार सात साल पहले बस में सफर के दौरान उसकी मुलाकात अलीगढ़ के ही गांव ताहरपुर निवासी युवक से हुई थी।
युवक ने मोबाइल घर पर भूलने की बात कहते हुए जाह्नवी के फोन से एक नंबर पर मिस्ड कॉल की थी। जाह्नवी के अनुसार इसके बाद आरोपी ने उसके मोबाइल पर कॉल करनी शुरू कर दी।