थाना प्रभारी रेणू शेखावत के अनुसार, जिला रेवाड़ी के धारूहेड़ा स्थित गांव मालपुरा निवासी भरत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि बीते साल 21 अप्रैल को उन्होंने अपनी बेटी की शादी पलवल के रामनगर दुकड़िया मोहल्ला निवासी निशांत के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले मोनिका को परेशान करने लगे। मोनिका से बाइक, एलइडी टीवी व रुपयों की मांग की जाने लगी। बेटी का घर बसाने के लिए कई बार रुपये दिए गए, परंतु आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
मोनिका के पति निशांत के उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध हैं। आरोपी पति, सास विमला व भाभी भारती अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। 21 अप्रैल की रात को करीब 12 से एक बजे बीच आरोपियों ने मोनिका को फांसी लगाकर हत्या कर दी। करीब ढाई बजे उन्हें फोन कर सूचना दी। सुबह जब वे पलवल पहुंचे तो मोनिका के शव को चारपाई पर लिटाया हुआ था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मोनिका की शादी की सालगिरह थी। सालगिरह को लेकर वह काफी उत्सुक थी। उसने सालगिरह मनाने की पूरी तैयारी की थी, परंतु ससुराल वालों को यह मंजूर नहीं था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।