गुरुग्राम के सेक्टर-109 स्थित एटीएस ककून सोसाइटी की छठी मंजिल से संदिग्ध हालातों में 65 वर्षीय महिला नीचे गिर गई। महिला कुछ महीने पहले अपने पति के साथ बेटी के फ्लैट में रहने आई थी। सोमवार अल सुबह बालकनी में टहलते वक्त हादसा हुआ। सूचना मिलते ही बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मामले में कोई शिकायत नहीं दी, जिस पर पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।
बजघेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर निवासी पूनम शर्मा अपने पति के साथ सेक्टर-109 स्थित एटीएस ककून सोसाइटी की छठी मंजिल पर बेटी के फ्लैट में रहने आई थी। वह पिछले करीब तीन महीनों से यहां रह रही थी। सोमवार अल सुबह करीब 5 बजे वह बालकनी में टहलने के लिए गई थी। करीब दो घंटे तक जब वह फ्लैट में अंदर नहीं आई तो परिजनों ने बाहर निकलकर देखा जिस पर उन्हें महिला नहीं दिखी।
उन्होंने जब नीचे देखा तो महिला लहूलुहान अवस्था में नीचे पड़ी हुई थी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि महिला किसी कारणवश गिरी है अथवा कूदी है। मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। मामले में महिला को धक्का देने के कोण से भी जांच की जा रही है।