ससुराल में संदिग्ध हालात में फांसी लगने से माधुरी (21) निवासी ऐतमादपुर की मौत हो गई। पति और ससुरालीजन महिला को सिविल अस्पताल में छोड़कर भाग गए।
मौत की जानकारी होने पर गुस्साए परिजन महिला का शव अस्पताल से उठा लाए और बीके चौक पर रख कर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज बस के कंडक्टर को घायल कर दिया। पति की गिरफ्तारी की मांग कर रहे परिवारी जनों को समझा बुझा कर एसीपी एनआईटी ने शांत किया। पुलिस सड़क जाम करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
बहन प्रीति निवासी बडख़ल ने बताया कि माधुरी का विवाह 9 मार्च 2015 को ऐतमादपुर निवासी महेंद्र से हुआ था। उसका आरोप है कि शादी में महेंद्र ने बाइक की जगह एक लाख रुपये ले लिए थे। शादी के डेढ़़ माह बाद ही महेंद्र और ससुराली माधुरी पर बाइक लाने का दबाव बनाकर उसे प्रताड़ित करने लगे। चाचा तुलीचंद ने बताया कि जुआ और शराब का लती महेंद्र कुछ करता नहीं है।
माधुरी पर मायके से पैसा लाने के लिए आए दिन उसके साथ मारपीट करता। आरोप है कि रात में दुपट्टे से गला कस कर माधुरी की हत्या कर दी और शव सिविल अस्पताल में छोड़कर भाग गए। बहन प्रीति ने बताया कि महेंद्र के पड़ोसी ने मंगलवार को हादसे की जानकारी दी। ससुराल वाले भागे हुए हैं तब ढूंढते हुए सिविल अस्पताल पहुंचे तो यहां शव मिला
एसएचओ सुन लेते तो न लगता जाम
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सेक्टर 31 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो एसएचओ ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज करने की बात कहते हुए वापस कर दिया। सुनवाई न होने पर शव रख कर बीके चौक पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसीपी देवेंद्र कुमार से प्रदर्शनकारियों ने सेक्टर 31 थाना इंचार्ज की शिकायत कर उन्हें मौके पर बुलाने को कहा। एसीपी ने कार्रवाई और गिरफ्तारी का भरोसा देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और खुद शव को उठा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
चालीस मिनट तक ठप रहा यातायात
प्रदर्शनकारियों ने दोपहर 2:10 मिनट पर र्इंट पत्थर और डालियां डालकर बीके चौक जाम कर दिया। इस दौरान बल्लभगढ़ से रोहतक जा रही रोडवेज वोल्वो चालक ने बस को निकालना चाहा तो एक व्लड़के ने डंडा मार कर बस कंडक्टर रामकुमार को घायल कर दिया। करीब बीस मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
एसीपी देवेंद्र कुमार से पहले इंस्पेक्टर सुभाष ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। नहीं मानने पर लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी और उसके बाद प्रदर्शनकारियों की वीडियोग्राफी करवाई और नाम पते नोट किए गए।
पति सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज
मामले की जांच कर रही एसीपी फरीदाबाद आस्था मोदी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पति महेंद्र और सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।