परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ आठ माह पहले शादी करने वाली तिलपत कॉलोनी निवासी वंदना की बृहस्पतिवार रात ससुराल में संदिग्ध हालात में जलने से मौत हो गई। पति पक्ष के मुताबिक वंदना ने आग लगाकर आत्महत्या की, जबकि पुलिस ने पिता वीरेंद्र सिंह की शिकायत पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
वीरेंद्र सिंह तिलपत कॉलोनी में रहते हैं। उनके मुताबिक बेटी वंदना ने आठ माह पहले अपनी मर्जी से कॉलोनी में ही रहने वाले मोनू से शादी की थी। प्रेम विवाह कर लेने के बाद उन्होंने भी बेटी दामाद को कुबूल कर लिया था। आरोप है कि उनकी रजामंदी पर ससुराल वाले दहेज की मांग कर बेटी को परेशान करने लगे। दहेज में एक कार और एक लाख रुपये की मांग पर प्रताड़ित की जा रही वंदना ने पिता को सारी बात बताई थी।
उन्होंने बेटी की ससुराल जाकर मांग पूरी करने में असमर्थता जताई थी लेकिन उन्हें दुत्कार कर भगा दिया गया। बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे दामाद मोनू ने उन्हें फोन कर बताया कि वंदना ने खुद को आग लगा ली। मोनू के घर पहुंचे तो पता चला कि करीब 90 फीसदी जल चुकी वंदना को सफदरजंग अस्पताल दिल्ली ले जाया गया है।
शुक्रवार को इलाज के दौरान वंदना की सांसें थम गईं। वीरेंद्र सिंह का कहना है कि बेटी वंदना ने आत्महत्या नहीं की बल्कि ससुराल वालों ने जला कर उसकी हत्या की है। एसएचओ सराय ख्वाजा थाना इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है, जल्द ही आरोपी मोनू को गिरफ्तार किया जाएगा।