-मयूर विहार फेज-2 की घटना, पांडव नगर थाना पुलिस ने फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन के पास से महिला को दबोचा
-100 फीसदी रिकवरी करते हुए पुलिस ने बरामद किए 70 ग्राम वजनी ब्रजमाला, हार और झुमके, सीसीटीवी से खुला राज
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली।
पूर्वी जिले के पांडव नगर थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में सफर कर रही महिला के बैग से सोने के जेवरात चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 14 अक्तूबर को पीड़िता पूजा ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह मयूर विहार फेज-2 इलाके में ई-रिक्शा से सफर कर रही थी। इसी दौरान एक महिला ने उसके बैग से सोने के जेवरात चोरी कर लिए। इस संबंध में पांडव नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध महिला नजर आई। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद पुलिस को पता चला कि वह मंडावली मेट्रो स्टेशन से मेट्रो में सवार होकर फरीदाबाद की ओर गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन के पास जाल बिछाया और स्थानीय लोगों की मदद से 18 अक्तूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान वर्षा (22) निवासी गांव नरहवली, पंहेरा खुर्द, फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए। इनमें 70 ग्राम की सोने की ब्रजमाला, 30 ग्राम का सोने का हार और पांच ग्राम के दो सोने के झुमके शामिल हैं। बरामद आभूषणों की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।