मौके पर पहुंची पुलिस और लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बुलंदशहर जिले की कोतवाली शिकारपुर इलाके के एक गांव में एक महिला ने संदिग्ध अवस्था में अपने दो बच्चों संग कमरे का दरवाजा बंद कर अपने ऊपर तेल उड़ेल लिया और आग लगा ली। दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बरौली निवासी बॉबी मजदूर है। गांव में पत्नी पुष्पा (32) और दो पुत्र हिमांशु (8) व निहांशु (3) रहते थे। मंगलवार की दोपहर पुष्पा ने अपने बेटों हिमांशु व निहांशु को साथ लेकर कमरे का दरवाजा बंद कर अपने ऊपर तेल उड़ेलकर आग लगा ली।
मकान के अंदर से धुंआ उठता देख पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर पानी डालकर आग बुझाई। इस दौरान लोगों ने मां समेत दोनों बच्चों को घर से बाहर निकाला। हादसे में दोनों बच्चों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि, पुष्पा काफी ज्यादा झुलस चुकी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसी पुष्पा की सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों से उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया, इलाज के दौरान महिला की भी मौत हो गई।