-लाखों का चोरी का सामान बरामद, निहाल विहार इलाके में चोरों ने दुकान में की थी सेंधमारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
निहाल विहार इलाके में लाखों का सामान हजारों रुपये में मिलने पर एक महिला और उसके दो बेटों ने चोरों से चोरी का सामान खरीद लिया। वह इस बात से बेखबर थे कि उनकी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो रही है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिये चोरी का सामान खरीदने वाली महिला और उनके बेटों तक पहुंची और उन्हें दबोच लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने दुकान से चोरी लाखों का सामान बरामद किया है। अब पुलिस उन चोरों की तलाश कर रही है, जिन्होंने एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया था।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि महिला के दोनों बेटों की पहचान 20 साल के सचिन कुमार और 26 साल के अर्जुन के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि निहाल विहार थाना पुलिस को 14 अप्रैल को शिव विहार निलोठी एक्सटेंशन स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में सेंधमारी की जानकारी मिली। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने दुकान से 68 मोबाइल फोन, 6 एलईडी टीवी, 2 लैपटॉप और करीब एक लाख रुपये नकद लेकर भागे हैं। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया।