आम आदमी पार्टी का टिकट दिलाने के नाम पर एक महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आप के दो नेताओं पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक आगामी चुनाव में टिकट दिलाने की बात कर आरोपी उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देता रहा।
आरोपियों ने वारदात के दौरान उसका एमएमएस भी बना लिया। बाद में जब आरोपी अन्य लोगों से शारीरिक संबंध बनाने को मजबूर करने लगा तो पीड़िता ने मामले की शिकायत साउथ रोहिणी थाने में की।
पुलिस ने छानबीन के बाद राम प्रताप गोयल व भूपेंद्र नामक दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। एक आरोपी आप की विधायक व बड़ी नेता का पिता भी बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक राम प्रताप गोयल बाहरी जिला का कोषाध्यक्ष बताया जा रहा है, वहीं भूपेंद्र आप का नेता होने के साथ ही आम आदमी पार्टी की एक बड़ी विधायक का पिता भी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी विधायक के पिता होने की पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस के मुताबिक सलमा (24) (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ रोहिणी में रहती है।
कभी होटल तो कभी उसके घर पर संबंध बनाने लगा
कुछ दिनों पूर्व एक कार्यक्रम में सलमा की मुलाकात आप नेता राम प्रताप गोयल से हुई। राम प्रताप ने खुद को बड़ा नेता बताते हुए सलमा को आम आदमी पार्टी का टिकट दिलवाने का झांसा दिया। एक दूसरे का फोन नंबर लेने के बाद दोनों की बातचीत होने लगी।
कुछ दिनों पूर्व टिकट दिलवाने की बात कर राम प्रताप ने सलमा को रोहिणी स्थित कार्यालय के पास बुलाकर अपनी कार में छेड़छाड़ की। विरोध करने पर राम प्रताप ने कहा कि टिकट चाहिए तो यह सब करना पड़ेगा। सलमा के मुताबिक आरोपी उसके साथ कभी होटल तो कभी उसके घर पर संबंध बनाने लगा।
कुछ दिनों पूर्व राम प्रताप ने अपने दोस्त भूपेंद्र, जो खुद को आप का नेता बता रहा था, के साथ मिलकर संबंध बनाए। इसके बाद पांच नवंबर को कनॉट प्लेस के होटल में बुलाकर राम प्रताप ने संबंध बनाए और कहा कि कुछ अन्य लोगों के साथ भी उसे संबंध बनाने पड़ेंगे। विरोध करने पर राम प्रताप ने धमकी दी कि उसने उसका एमएमएस बनाया हुआ है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
- फोटो : फाइल फोटो
अगर वह ऐसा नहीं करेगी तो उसे टिकट नहीं मिलेगा साथ ही एमएमएस को सार्वजनिक कर उसे बदनाम कर दिया जाएगा। परेशान होकर अगले ही दिन छह नवंबर को पीड़िता ने साउथ रोहिणी थाने में राम प्रताप व भूपेंद्र के खिलाफ शिकायत कर दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
उधर, बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त एम.एन तिवारी, का कहना है कि, पीड़िता की शिकायत पर गैंगरेप की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है, फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। जहां तक विधायक के पिता के वारदात में शामिल होने की बात है तो उसकी जांच की जा रही है।
नई दिल्ली। महिला के साथ गैंगरेप की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता रोहिणी साउथ थाने के बाहर इकट्ठा हो गए और जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर महिला को इंसाफ दिलवाया जाए। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि वारदात में शामिल भूपेंद्र आप की विधायक का पिता है, इसलिए पुलिस जानबूझकर गिरफ्तारी में देर कर रही है।