मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शकूरबस्ती में तोड़ी गई झुग्गी का मामला लेकर रेलमंत्री सुरेश प्रभु से सोमवार शाम को मिले। मुलाकात के बाद केजरीवाल ने बताया कि मुलाकात सकारात्मक रही।
फैसला हुआ कि भविष्य में बिना पुनर्वास के कोई झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी। अगर रेलवे को प्रोजेक्ट केलिए जमीन की जरूरत होगी तो प्राथमिकता के हिसाब से सूची रेलवे अगले 3-4 साल केलिए देगी।
दिल्ली सरकार अपनी पुनर्वास नीति के हिसाब से पहले लोगों को बसाएगी, तब तोड़फोड़ होगी। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली सरकार ने एक जगह अपनी नीति के हिसाब से 594 झुग्गी हटाई और पुनर्वास किया।
कोई विरोध नहीं हुआ, पुलिस की जरूरत नहीं पड़ी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में भी दिल्ली सरकार जहां झुग्गी, वहीं मकान की नीति पर काम करके पांच साल में स्लम फ्री करेगी। जहां झुग्गी हटाना जरूरी हुआ, वहीं कहीं नजदीक में पुनर्वास करेंगे।