विज्ञापन वाली मेट्रो के बाद जल्द ही आप स्टेशनों पर बैंक के जरूरी काम निपटा सकेंगे। दिल्ली मेट्रो पहली बार दिल्ली समेत एनसीआर के रूट के मेट्रो स्टेशनों में बैंक की सुविधा भी उपलब्ध करवाने जा रही है।
अभी तक चुनिंदा मेट्रो स्टेशन के बाहर या कॉनकोर्स एरिया में यात्रियों को कुछ बैंकों के एटीएम की सुविधा ही मिलती है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) करीब 181 अतिरिक्त एटीएम के अलावा मेट्रो परिसर में देसी और विदेशी बैंकों को अपनी शाखाएं खोलने का मौका देने जा रही है।
गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद व गुड़गांव शहरों के बीच दिल्ली मेट्रो करीब 193 किलोमीटर में 141 मेट्रो स्टेशन समेत एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो लाइन के छह स्टेशन पर सेवा प्रदान कर रही है।