जहांगीरपुरी इलाके में एक युवक ने चरित्र पर शक करते हुए पत्नी का गला घोंट दिया और उसे छत से फेंक दिया। खुद को बचाने के लिए आरोपी ने पत्नी की ऊंचाई से गिरने की बात कहकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, लेकिन आरोपी के झूठ से उस समय पर्दा उठ गया, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, जिसमें महिला की मौत का कारण गला घुटने से हुई, बताया गया । पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने भी अपना गुनाह कुबूल कर लिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त विजयंता आर्या ने बताया कि आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी निवासी खालिद के रूप में हुई है। छह माह पहले उसकी रजिया (20) से शादी हुई थी। 4 सितंबर को खालिद ने अपनी पत्नी को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया था।
उसने बताया कि वह ऊंचाई से गिरकर घायल हो गई है। हालत गंभीर होने की वजह से उसे लोकनायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर क्षेत्रीय एसडीएम को मामले की जानकारी दे दी।
11 सितंबर को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, जिसमें उसकी गला घोंटे जाने से मौत होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने गुनाह कुबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था, इसलिए उसने पत्नी की गला घोंटने के बाद उसे छत से गिरा दिया था।