नजफगढ़ के जाफरपुर कलां इलाके में एक पत्नी ने अपने पति की गला घोटकर हत्या कर दी। इस घटना के सामने आने से इलाके में सनसनी मच गई है और चारों तरफ इसी घटना की चर्चा है।
यहीं नहीं आरोपी महिला ने पति का गला घोंटने के बाद उसकी लाश एक दिन के लिए बेड में छुपा दी। इतना ही नहीं एक दिन के बाद तो महिला ने हद कर दी और उसने पति की लाश को घर के सेफ्टी टैंक में डाल दिया और उसे सीमेंटेड करा दिया।
इस घटना का खुलासा बृहस्पतिवार को हुआ। पुलिस ने बताया है कि आरोपी पत्नी ने पति की हत्या 15 अगस्त को रात करीब 10:30 बजे की थी। मृतक का नाम ओम भारद्वाज है।
बच्चों को भी नहीं पता थी मां की करतूत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक ओम भारद्वाज ऑटो ड्राइवर है और वो रोज शराब पीकर आता था। शराब पीकर घर आने के बाद वो अपनी पत्नी से झगड़ा करता था और इसी आदत से तंग आकर पत्नी ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
गौरतलब है कि इनके दो बच्चे हैं और हत्या के वक्त दोनों ही घर की पहली मंजिल पर थे जिसकी वजह से उन्हें इस बारे में पता नहीं चला। घटना के बाद से ही महिला और उसके बच्चों ने मोहल्ले में जाना बंद कर दिया था।
महिला ने रिश्तेदारों से भी बात करना बंद कर दिया था। लेकिन बृहस्पतिवार को उसका जमीर जागा और उसे अपनी जेठानी को फोन कर सारी बात बता दी।
आत्मग्लानि के बाद जेठानी को बताई सारी बातें
सारी जानकारी मिलते ही जेठानी अपने पति के साथ उसके घर पहुंची। इसी बीच जेठानी ने पुलिस को फोन कर भी घटना की सारी जानकारी दे दी थी।
पुलिस सूचना पाते ही मौके पर पहुंची और सेफ्टी टैंक तोड़क ओम भारद्वाज की लाश निकाली गई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर रही है।
शुरूआती पूछताछ में पता चला है कि पति आरोपी महिला को हर रोज शराब के नशे में पीटता था और इसी वजह से तंग आकर उसने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।