कुलेसरा गांव में मंगलवार देर रात प्यार में रोड़ा बनने पर एक युवक ने प्रेमिका के साथ मिलकर उसके पति की हत्या कर दी। पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में एक साथ देख लिया था।
घटना के बाद शोर सुनकर पहुंचे परिजनों और पड़ोसियों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर इकोटेक-थ्री पुलिस के हवाले कर दिया। बुधवार को पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से कुलेसरा निवासी रिंकू गुर्जर (36) की शादी दस वर्ष पहले मंजू (26) से हुई थी। वह कुलेसरा गांव में ही परचून की दुकान करता था। इनके दो बच्चे भी हैं।
आठ वर्षों से मंजू का प्रेम प्रसंग धीरज से चल रहा था
रिंकू ने मकान में एक कमरा मूलरूप से राजस्थान के झुंझनू निवासी धीरज शर्मा (24) को आठ साल पहले किराये पर दिया था। धीरज पूर्व में यामाहा कंपनी में काम करता था। दो साल पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी।
रिंकू के भाई सुनील ने इकोटेक-3 थाने में शिकायत दी है कि आठ वर्षों से मंजू का प्रेम प्रसंग धीरज से चल रहा था। दो वर्ष पूर्व इसकी जानकारी मिलने पर रिंकू ने धीरज से कमरा खाली करा लिया।
इसके बाद धीरज कुछ दूरी पर स्थित राजू पंडित के मकान में किराये पर रहने लगा था। आरोप है कि मंगलवार रात 11:30 बजे मंजू ने धीरज को फोन करके बुलाया था।
देर रात धीरज मंजू से मिलने आया था
देर रात दूसरे कमरे में सोया रिंकू जब अचानक से कमरे में आया तो दोनों को साथ देखकर उसने विरोध किया। इस दौरान धीरज ने रिंकू पर चाकू से कई वार कर दिए। शोर सुनकर परिजन और पड़ोसी वहां पहुंचे और मंजू व धीरज को कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर आकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक धीरज आठ साल से रिंकू के मकान में किरायेदार था, तभी से ही धीरज और रिंकू की पत्नी मंजू के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इसके बाद भी दोनों चोरी छिपे मिलते रहे। मंगलवार देर रात धीरज मंजू से मिलने आया था। रिंकू ने दोनों को बगल वाले कमरे में एक साथ देख लिया था। मंजू के कहने पर ही धीरज ने चाकू से रिंकू पर हमला कर दिया।