फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्यों UFTA ने बुलाई दिल्ली-एनसीआर में व्यावसायिक वाहनों की हड़ताल, क्या होगा असर, पढ़ें सबकुछ

Thu, 19 Sep 2019 12:37 PM IST
पूजा त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर में आज व्यावसायिक वाहनों की हड़ताल के कारण दिल्ली वासियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। यूनाइटेड फ्रंट ऑफ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (यूएफटीए) द्वारा चक्का जाम की घोषणा के कारण ऑटो, टैक्सी, आरटीवी, मिनी बसें, ई-रिक्शा, बसें, ट्रक और निजी स्कूल वाहन भी सड़कों पर नहीं उतर सकेंगे। इस दौरान ट्रांसपोर्टर्स अपने संगठनों के तहत चलने वाले सभी व्यावसायिक वाहनों को खड़ा करके संशोधित मोटर वाहन अधिनियम का विरोध करेंगे।

विज्ञापन




स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को किया सतर्क
चक्का जाम की घोषणा के बाद बुधवार शाम को दिल्ली के कई निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों को मैसेज भेजकर सूचित किया गया कि स्कूलों में निजी तौर पर चलने वाली वैन या बसें चक्का जाम के कारण प्रभावित हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में स्कूल वैन या बसें बच्चों को उनके घर से शायद लेने न पहुंच सकें, इसलिए बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने और स्कूल से घर वापस ले जाने के लिए अभिभावक निजी तौर पर प्रबंध करें और बच्चों की सुरक्षा का ध्यान भी इस बीच खुद रखें।

एनसीआर में स्कूलों का ऐसा रहेगा हाल
हालात के मद्देनजर नोएडा के ज्यादातर स्कूलों में छुट्टी का एलान किया गया है। हालांकि, जिन स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, वह खुले रहेंगे। ग्रेटर नोएडा स्कूल प्रबंधनों ने अवकाश की घोषणा कर दी। उनका कहना है कि बच्चों की परेशानी को देख यह फैसला लिया गया है। स्कूलों का कहना है कि ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के चलते विद्यार्थियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। इसके चलते पहले से ही छुट्टी कर दी है। कई स्कूलों ने अभिभावकों को पहले से ही जानकारी दे दी है। स्कूल में प्राइमरी के बच्चों की परीक्षा थी। जिसे आगे बढ़ा दिया गया है। जिन स्कूल में संचालक ट्रांसपोर्ट की सुविधा नहीं देते हैं, वह खुले हैं।
विज्ञापन


इन वाहनों पर नहीं होगी कोई रोक
चक्का जाम के दौरान एंबुलेंस, फायर बिग्रेड और मूलभूत जरूरतों की सेवाओं में चलने वाले वाहनों को नहीं रोका जाएगा। दूध, सब्जियों एवं खाद्य पदार्थों वाले वाहनों पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं रहेगा।

50 हजार वाहन रहेंगे प्रभावित

ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष वेद पाल चौधरी ने बताया कि जिले में करीब 50 हजार व्यावसायिक वाहन नहीं चलेंगे। यह एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल है। अगर सरकार फिर भी न चेती तो मजबूरन कठोर कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा।

12-22 से डीएनडी तक वाहनों की कतार
वेद पाल चौधरी ने बताया कि हड़ताल के मद्देनजर सुबह सेक्टर-12, 22 से लेकर डीएनडी तक सड़क के किनारे वाहनों की कतार लगेगी। इस दौरान सड़क पर चलने वालों को कोई दिक्कत न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। काफी संख्या में वाहन रात में ही सड़क किनारे खड़े कर दिए हैं। 

ट्रांसपोर्ट नगर में होगी सभा
संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर-69 में लाने के लिए कहा गया है। वहीं, पर ज्यादातर वाहन खड़े किए जाएंगे। दोपहर में जनसभा होगी और आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। लोगों के खाने की भी व्यवस्था की गई है।

आवश्यक सामान की ढुलाई में व्यवधान नहीं
दूध, सब्जी, दवा समेत आवश्यक सामान की ढुलाई में लगे वाहनों को हड़ताल में शामिल नहीं किया जाएगा। जितने भी संगठन हैं, सभी को हिदायत दी गई है कि ऐसे वाहनों के संचालन में मदद करें, ताकि जरूरी चीजों के लिए किसी को परेशानी न हो।

ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल को देख पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। पीसीआर, लैपर्ड व थाना चौकसी बरतने के लिए कहा गया है। हड़ताल के दौरान अगर कोई उपद्रव या हंगामा करता है तो सख्त कार्रवाई होगी। अगर किसी वाहन चालक को हड़ताल के नाम पर परेशान किया जाता है तो आरोपी को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-विनीत जायसवाल, एसपी सिटी, नोएडा
विज्ञापन

चक्का जाम में शामिल नहीं होंगे फरीदाबाद के ट्रांसपोर्टर 

फरीदाबाद में मोटर वाहन अधिनियम में बदलाव के बाद बढ़े जुर्माने व अपनी अन्य मांगों को लेकर 19 सितंबर को ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के चक्का जाम में फरीदाबाद के ट्रांसपोर्टर शामिल नहीं होंगे। फरीदाबाद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश भाटिया ने बताया कि मंदी के कारण पहले ही कामधंधे ठप पड़े हैं। ऐसे में जिसके पास थोड़ा बहुत काम है भी सही तो उसे हड़ताल कर कोई भी छोड़ना नहीं चाहता है। ऐसे में इस संबंध में ट्रांसपोर्टरों से चर्चा हुई थी, मगर उन्होंने चक्का जाम में शामिल होने से इनकार कर दिया। इस कारण उन्होंने किसी से भी हड़ताल में शामिल होने या अपनी गाड़ियां खड़ी रखने का आह्वान नहीं किया है।

गुरुग्रामः ट्रांसपोर्टर की हड़ताल का मिला-जुला असर रहने की संभावना
गुरुग्राम में ट्रांसपोर्टरों की बृहस्पतिवार को होने वाली हड़ताल को लेकर ट्रांसपोर्टर एकजुट होने शुरू हो गए हैं। बुधवार रात से ही ट्रांसपोर्टर अपने वाहनों को रोककर सरकार के विरुद्ध अपनी नाराजगी जाहिर करने की तैयारी में हैं। हालांकि मंदी की मार झेल रहे ट्रांसपोर्टर इस हड़ताल को लेकर आपस में बंट गए हैं। आपसी गुटबाजी में फंसे होने के चलते कई ट्रांसपोर्टर एसोसिएशनों ने हड़ताल में शामिल होने से इनकार कर दिया है जिसके कारण हड़ताल का मिलाजुला असर जिले में देखने को मिल सकता है। ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से करीब 100 करोड़ रुपये का राजस्व का नुकसान होने की संभावना है। 
 
बढ़े जुर्माने ने तोड़ी कमर 
ओमप्रकाश ने बताया कि नए मोटर वाहन कानून से बढ़े कई गुना जुर्माने के साथ ही बढ़ी बीमा राशि व आरएफआइडी टैग की अनिवार्यता समेत अन्य मुद्दों को लेकर ट्रक, टैम्पों, बस, आटो, कैब, टैक्सी समेत अन्य सार्वजनिक व व्यावसायिक वाहन समेत 51 संगठनों ने एक दिवसीय हड़ताल की घोषणा की है। इसमें 25 हजार ट्रक, 35 हजार ऑटो, 50 हजार के करीब टैक्सी व कैब के साथ स्कूली बसें और कैब शामिल हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें