जंतर-मंतर पर राजस्थान के किसान गजेंद्र सिंह की खुदकुशी मामले में दिल्ली पुलिस की तफ्तीश में बड़ा खुलासा हुआ है।शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि भीड़ में से गजेंद्र सिंह को कोई फांसी पर लटकने के लिए कह रहा था।
पुलिस अब फुटेज से उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है कि आखिर वह कौन है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि गजेंद्र ने अपनी बहन को आखिरी कॉल की थी।
यह कॉल उसने खुदकुशी करने से डेढ़ घंटा पहले करीब 12 बजे की थी। पुलिस के अनुसार, कॉल के दौरान रुटीन बातचीत हुई थी। इस दौरान बहन ने गजेंद्र से पूछा था कि वह दिल्ली से कब लौटेगा।
घर वापस आने की बात पर बोला मुझे टीवी पर देखना
इस पर उसने कहा था कि कुछ देर बाद उसे टीवी पर देखना। इसके बाद गजेंद्र ने यह कहकर फोन काट दिया कि वह जंतर-मंतर पर है और यहां काफी आवाज हो रही है।
पुलिस ने उसके मोबाइल की तीन दिन की कॉल डिटेल निकलवाई है। हालांकि इसमें कोई संदेहजनक मोबाइल नंबर नहीं मिला है। पुलिस यह जांच करने में लगी है कि गजेंद्र की किसी आप नेता या कार्यकर्ता से बात हुई या नहीं।
क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस आप के उन कार्यकर्ताओं और नेताओं की सूची तैयार कर रही है, जिनसे पूछताछ करनी है।
जल्द होगी लोगों से पूछताछ
हालांकि बताया जा रहा है कि इस सूची में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम नहीं है। हादसे के समय भाषण दे रहे आप नेता का नाम संभवत: सूची में है।
पुलिस के अनुसार, जल्द ही लोगों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने गजेंद्र के दो रिश्तेदार जयवीर सिंह और आशा चौहान के बयान दर्ज किए हैं।
बता दें कि लेडी हार्डिंग अस्पताल में गजेंद्र सिंह का शव लेने आशा चौहान ही पहुंची थीं।