कौन है स्वतंत्र भारद्वाज
कथित हमलावर स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में वह कथित तौर पर संजय पर हमले की बात करता सुनाई दे रहा है। वीडियो में वह दावा करता है कि संजय के सिर में गंभीर चोट लगी थी। उसके मुताबिक उन्हें 60 टांके लगे थे। हालांकि, न्यूज एजेंसी पीटीआई ने वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्वतंत्र भारद्वाज बिहार के दरभंगा का रहने वाला है। दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रवेश मिलने के बाद दिल्ली आ गया। वह खुद को हिंदूवादी कार्यकर्ता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी बताता है।
स्वतंत्र ने इन नेताओं के नाम लिए?
कथित वीडियो में भारद्वाज यह कहते सुनाई देता है कि उसने निशु के पिता का सिर फोड़ा था। वह इसे भारतीय दंड संहिता की धारा 307 से जोड़ता भी सुनाई देता है। वीडियो में वह दावा करता है कि दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा उसके बड़े भाई जैसे हैं। वह यह भी कहता है कि कपिल मिश्रा के फोन के बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके अलावा वह चिराग पासवान को भी अपना बड़ा भाई बताता है।
जंतर-मंतर के प्रदर्शनों में सामने आई थी निशु
निशु आजाद ने जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने अपने पिता पर हुए कथित हमले में न्याय की मांग की। निशु का आरोप है कि दिल्ली पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। निशु के पिता संजय पर कथित हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। निशु का कहना है कि घटना के बाद प्राथमिकी दर्ज हुई। इसके बावजूद डेढ़ महीने से ज्यादा समय बीत गया, लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।