गलत दिशा से आ रही कार ने स्कूटी में मार दी थी टक्कर
पुलिस ने कार चालक और उसके साथी को हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पांडव नगर से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर गलत दिशा से आ रही एक निसान कार ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी। युवती को बचाने के चक्कर में उसके पीछे से आ रहा एक टेंपो पलट गया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल टेंपो सवार नाथू राम और द्रौपदी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, स्कूटी सवार एम्स ग्रीन एवेन्यू नोएडा एक्सटेंशन यूपी निवासी प्राप्ति गुप्ता का मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर कार चालक मोहम्मद नौशाद और उसके साथी कासिम को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि मंगलवार को पांडव नगर थाना पुलिस को एनएच-9 पर एक सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मौके पर पुलिस को पलटा हुआ टेंपो ट्रैवलर, एक स्कूटी और निसान कार मिली। जांच में पता चला कि निसान कार गलत दिशा से आ रही थी और स्कूटी सवार प्राप्ति गुप्ता को टक्कर मार दी। इसी बीच स्कूटी सवार को बचाने के क्रम में पीछे से आ रहा टेंपो पलट गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में आरोपी चालक एलएनजेपी कॉलोनी, तुर्कमान गेट निवासी मोहम्मद नौशाद और उसके चांदनी महल निवासी कासिम को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल सभी वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।