बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि घटना 31 जुलाई की है। पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस को सूचना मिली कि जीएच 14 सोसाइटी में दूसरी मंजिल पर काम करने के दौरान एक प्लंबर नीचे गिरकर घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची तब तक घायल प्लंबर को लोग बालाजी अस्पताल में लेकर चले गए थे। अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर छानबीन के दौरान पुलिस ने पाया कि प्लंबर रामचंदर दूसरी मंजिल के पास रस्सी का झूले पर लटककर पाइप ठीक कर रहा था। इसी दौरान रस्सी टूट गई और वह नीचे गिर गया। काम करने के दौरान उसके पास सुरक्षा का कोई उपकरण नहीं था। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।