फ्लाईओवर पर सूखे पौधों वाले गमलों को हरे रंग से रंगवाने का समाचार प्रकाशित होने के बाद बुधवार को अधिकारियो में हड़कंप मच गया।
नगर निगम ने आननफानन में ठेकेदार को सूखे पौधे हटाकर हरी पौध लगाने का आदेश दिया। सुबह को चार घंटे इसका काम चलाया भी गया, लेकिन खराब मौसम के चलते इसको रोक दिया गया।
सीएम के क्लीन यूपी-ग्रीन यूपी अभियान कर मखौल बनाने वाले नगर निगम अफसर बुधवार को हरकत में आ गए। अमर उजाला में हरे गमलों में सूखे पौधों का समाचार छपने के बाद निगम अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
मौसम खराब होने के बावजूद आननफानन में सूखे पौधों को हटाने के लिए टीम लगाई गईं। बारिश के बावजूद टीमों ने काफी देर तक सूखे पौधों को बाहर किया। नगर निगम ने ठेकेदार को हरी पौध लगवाने को कहा गया।
ठेकेदार ने हरी पौध लगाने का काम शुरू भी किया, लेकिन खराब मौसम के चलते इसको रोक देना पड़ा। मौसम साफ होने के बाद अब सूखे पौधों को हटाकर हरे पौधों की पौध रोपने का काम शुरू किया जाएगा।