पुलिस ने युवक को एटा से मुक्त कराया, सोशल मीडिया के जरिये महिपालपुर के युवक नेे कॉलगर्ल बुलाई थी
दो महिला, एक नाबालिग समेत चार पकड़े, अन्य को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दे रही दबिश
पुरुषोत्तम वर्मा
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिमी जिले के महिपालपुर में मौजमस्ती के लिए युवती बुलाने फिर पसंद नहीं आने की बात कहने पर युवक का अपहरण कर लिया गया। युवती के साथियों ने युवक के पिता फिरौती की रकम मांगी। हालांकि पुलिस ने युवक को सकुशल छुड़ा लिया और मुख्य आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा दो महिला और एक नाबालिग को भी पकड़ा है। अन्य साथियों की तलाश जारी है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने घटना की पुष्टि तो की है लेकिन दबिश देने की बात कहते हुए कुछ और बताने से इन्कार कर दिया। जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिपालपुर में रहने वाले एक युवक ने 28 अप्रैल को मौजमस्ती के लिए सोशल साइड के जरिये एक कॉलगर्ल को बुलाया। कार से कुछ युवक-महिलाएं युवती को लेकर महिपालपुर पहुंचे। युवक ने युवती को पसंद नहीं किया और वापस जाने के लिए कहा। इस पर आरोपी कहने लगे कि वह काफी दूर से युवती को लेकर हैं, अत: आने-जाने का खर्चा दो। युवक के इन्कार करने और बहस करने पर आरोपियों ने जबरन उसे कार में बैठा लिया। दिल्ली में घुमाते हुए एटा और मैनपुरी समेत अन्य जगहों पर युवक को ले गए। आरोपियों ने युवक के परिजनों से फिरौती मांगी। परिजनों की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने अगले दिन युवक को यूपी से मुक्त करा लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन वेश्यावृति चलाने वाला पूरा गिरोह है। इसके अन्य सदस्यों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक युवक को मारापीटा भी गया है।