मजेंटा मेट्रो को हरी झंडी दिखाते पीएम
- फोटो : लाल सिंह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार(25 दिसंबर) को जब मेट्रो की मजेंटा लाइन का उद्घाटन करने आए थे तो उनकी सुरक्षा में एक बहुत बड़ी चूक हुई थी जिसका चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
यह बात सामने आ रही है कि एमिटी यूनिवर्सिटी से जनसभा को संबोधित करने के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोटेनिकल गार्डन में बने अपने हेलीपैड की ओर जा रहे थे तो उनका काफिला रास्ता भटक गया था।
पीएम और वीआईपी लोगों का काफिला ना सिर्फ रास्ता भटका बल्कि महामाया फ्लाईओवर पर जाम में भी फंस गया। इस वजह से पीएम के साथ चल रहे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को कड़ी फटकार लगाई।
दूसरे की बजाय पहले ही कट से निकला पीएम का काफिला
- फोटो : लाल सिंह
सीएम की फटकार के बाद आनन-फानन में पीएम के काफिले के सामने आई बस व बाइकों को वहां से हटाया गया और तब जाकर काफिला रवाना हुआ। पीएम की सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक के बाद जांच शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि पीएम एमिटी यूनिवर्सिटी में अपना भाषण खत्म कर दोपहर 2:33 बजे वहां से निकले। पीएम के काफिले को एचसीएल कट से एक्सप्रेस-वे पर जाना था। मालूम हो कि एमिटी से निकलकर एचसीएल के पास दो कट हैं। एक जो वहीं है दूसरा पहले वाले से दो सौ मीटर दूर है।
पीएम के काफिले को दूसरे कट से जाना था, लेकिन वह पहले कट से निकल गया जिस वजह से वह गलत रास्ते पर निकल गया। उस रास्ते पर जितनी सिक्योरिटी होनी चाहिए वह नहीं थी।
- फोटो : अमर उजाला
जानकारी के अनुसार उद्घाटन समारोह से एक दिन पहले रविवार को काफिला ले जाने के लिए रिहर्सल भी हुई थी। काफिले का प्रभार आईपीएस नितिन तिवारी संभाल रहे थे। इस तरह काफिले का भटकना उनकी बड़ी चूक मानी जा रही है।
काफिले के भटकने और जाम में फंसने और फिर सीएम के नाराज होने की खबर फैलने से लखनऊ तक में खलबली मच गई है। मंगलवार को अधिकारियों के गलियारों में दिनभर इसी खबर पर चर्चा गर्म रही।
सभी यही पता लगाने की कोशिश करते रहे थे कि आखिर यह चूक कैसे और किस स्तर पर हुई। सूत्रों के हवाले से जानकारी आ रही है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच लखनऊ से भी हो रही है। वहीं जिलाधिकारी ने इस मामले के बारे में कुछ पता ना होने की बाद कही।