महिला के मुताबिक उनके पिता ने जमीन बेचकर शादी की थी। दहेज में 41 लाख रुपये कैश और पूर्वजों का 70 तोला सोना दिया था। फिर भी ससुरालीजन दहेज में और एक फॉर्च्यूनर व एक फ्लैट की मांग करने लगे। शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर, देवर समेत 9 के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर-76 में रहने वाली युवती ने बताया कि घर वालों ने पर्थला खंजरपुर गांव में कमल यादव के साथ शादी तय की थी। इसी वर्ष 18 फरवरी को शादी हुई। पिता ने शादी में करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए थे। युवती शादी के बाद ससुराल पहुंची तो उसे पता चला कि पति कमल यादव पहले से ही शादीशुदा है।
पीड़िता ने इसका विरोध किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत करने पर उसके घर वाले मौके पर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग भाग खड़े हुए। पीड़िता ने पति कमल यादव के अलावा ससुर संजय यादव, सास, देवर कुलदीप तथा कपिल, चाचा लोकेश, पिंटू, टीटू, दादा प्रह्लाद यादव के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।