न्यू उस्मानपुर इलाके में उधार दिए गए 500 रुपये वापस मांगने पर एक युवक को चाकू से गोद दिया गया। गंभीर हालत में पीड़ित अनस (19) को जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल में भेज दिया गया। पुलिस ने तबीयत में सुधार होने पर अनस की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
अनस परिवार के साथ मुस्तफाबाद इलाके में रहता है। वह अपने चाचा की कमला नगर स्थित मोबाइल शॉप पर काम करता है। कुछ दिनों पूर्व अनस ने मुईन नामक दोस्त को 500 रुपये उधार दिए थे। वापस मांगने पर आरोपी ने उसे जल्द रुपये देने के लिए कहा।
आरोप है कि शुक्रवार को अनस गली में खड़ा था। इस बीच मुईन अपने दोस्त शुएब व समीर के साथ वहां पहुंचा। आरोपी अनस को बात करने के लिए सिग्नेचर ब्रिज ले गए। वहां उसे चाकू से गोदकर आरोपी फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर अनस को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार शाम को तबीयत में सुधार होने पर अनस का बयान लेकर मामला दर्ज किया गया।