गुड़गांव पुलिस के वॉट्सएप पर मिले एक वीडियो क्लिप से सनसनी फैल गई है। सऊदी अरब में फंसे लोगों ने अपने दोस्त के माध्यम से भारत सरकार से गुहार की है कि उनको किसी भी हालत में वतन वापस लाया जाए।
कबूतरबाजी करने वाले लोगों ने जो सपना दिखाकर उनको नौकरी के लिए भेजा था उसका ठीक उल्टा हो रहा है। सेक्टर 18 में रहने वाले इमरान नामक युवक ने मीडिया को एक वीडियो क्लिप दिया है, जिसमें वहां फंसे लोगों का हाल 5 मिनट 12 सेकेंड में दर्शाया गया है।
वीडियो में दिखाया गया है कि लगभग दो दर्जन भारतीय लोग एक ही साथ रह रहे हैं। वीडियो रिकॉर्डिंग में लोग बता रहे हैं कि उन्हें करीब डेढ़ साल पहले कमाई के लालच में एक एजेंट ने सऊदी अरब भेजा।
इस संदर्भ में गुड़गांव के एसीपी क्राइम राजेश कुमार से बात की तो उनका कहना है कि अभी वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से सबसे पहले इमरान से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे मामले की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस की ओर से उसे सऊदी अरब में भारतीय दूतावास को भेज दिया जाएगा।